दर्दनाक हादसा : दर्दनाक हादसा: भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबने की आशंका, रेस्क्यू जारी
Vinod Prasad Sun, Sep 6, 2026
Delhi : देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले स्थित सत्य निकेतन इलाके से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है. यहां 5 मंजिला इमारत अचानक ढह गई. इमारत के गिरते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई. आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते हैं.
जानकारी के अनुसार, फायर विभाग को रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन में इमारत गिरने की सूचना मिली. कॉल मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और राहत-बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए. रेस्क्यू में दमकल की 12 टीम लगी हैं.
घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमें और स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. राहतकर्मी मलबे को हटाने और उसके नीचे फंसे संभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं. आसपास के लोगों की मदद से भी स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है.
विस्तृत जानकारी का इंतजार
हादसा किस वजह से हुआ और इमारत गिरने के समय उसमें कितने लोग मौजूद थे, इसको लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है. मौके पर एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी तैनात कर दिया गया है. मामले में विस्तृत विवरण का इंतजार किया जा रहा है.
इमारत में चलता था हॉस्टल
बताया जा रहा है कि जिस इमारत के गिरने की जानकारी सामने आई है,उसमें हॉस्टल संचालित होने की बात कही जा रही है. ऐसे में मलबे में छात्रों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि,प्रशासन की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हादसे के वक्त इमारत में कितने छात्र मौजूद थे. सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के नजदीक स्थित है और इलाके में बड़ी संख्या में पीजी और हॉस्टल संचालित होते हैं. यही वजह है कि इमारत गिरने के बादछात्रों और उनके परिजनों के बीच भी चिंता बढ़ गई है.
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर आसपास की कुछ इमारतों को भी खाली कराया गया है. पिछले दो दिनों से दिल्ली में बारिश का दौर जारी है, ऐसे में प्रशासन की ओर से आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है.
विज्ञापन