रायपुर में सफाई व्यवस्था पर सख्ती : लापरवाही के आरोप में दो निगम अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी!
Vinod Prasad Mon, Nov 16, 2026
रायपुर। सफाई व्यवस्था को लेकर अब नहीं चलेगी कोताही,नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने केवल निगरानी ही नहीं बल्कि कार्रवाई भी शुरु कर दी है। लापरवाही को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। विभाग ने दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय भेजने को कहा गया है।
नोटिस में विभाग ने कहा है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जाते रहे हैं, इसके बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। मीडिया में आ रही खबरों से नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित हो रही है। विभाग ने शहर में फैली गंदगी के लिए दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना है।
विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के तहत नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है और उनके विरुद्ध नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन