छत्तीसगढ़ में मानसून अब भी सुस्त, : सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा ,13 जुलाई से बारिश बढ़ने के आसार
Vinod Prasad Sun, Jul 12, 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में उमस और गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक सामान्य से करीब 21 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 13 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे कई जिलों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादलों का डेरा रहने की संभावना है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम बदलने की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार के आसपास भी एक अन्य सिस्टम बना हुआ है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के असर से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
सबसे ज्यादा बारिश कहां?
पिछले 24 घंटों में डौरा कोचली में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बलरामपुर, कुनकुरी, जशपुरनगर, वाड्राफनगर, दुलदुला और शंकरगढ़ में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। कई अन्य जिलों में भी 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन