ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लेकर जगदलपुर सप्लाई करने आ रहे : ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लेकर जगदलपुर सप्लाई करने आ रहे अंतरराज्यीय गिरोह के 2 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
Vinod Prasad Wed, Feb 25, 2026
ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लेकर जगदलपुर सप्लाई करने आ रहे अंतरराज्यीय गिरोह के 2 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से 42.431 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 21.21 लाख रुपए है। साथ ही एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और इनोवा जब्त किया गया है।
मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 23 फरवरी की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक सिल्वर रंग की इनोवा (OD02K8007) में 2 व्यक्ति अवैध गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-63 पर आड़ावाल स्थित बरगद पेड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध इनोवा को रोका गया। वाहन में सवार दोनों व्यक्ति पूछताछ के दौरान घबराने लगे और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पूछताछ में उन्होंने अपना नाम बाल्बो उर्फ बल्लब भत्तरा (40) निवासी जिला नबरंगपुर (ओडिशा) और दूसरे ने अपना नाम अमरज्योति हिरन (44) निवासी नबरंगपुर (ओडिशा) बताया। 8 पैकेट में 42 किलो गांजा बरामद
NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट में भूरे टेप से लिपटे 8 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 42.431 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत 21 लाख 21 हजार 550 रुपए थी। साथ ही एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस ने गांजा, हथियार, 2,200 रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और करीब 11 लाख रुपए कीमत की इनोवा वाहन को जब्त किया। 24 फरवरी को दोनों को विशेष न्यायालय NDPS, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन