मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना से 22,495 : मरीजों को मिला निशुल्क उपचार, 463 शिविरों का आयोजन
Vinod Prasad Sat, Jun 27, 2026
शहरी गरीब एवं स्लम बस्तियों तक पहुंची घर-घर स्वास्थ्य सुविधा, समय पर जांच और उपचार से मिल रही राहत
सूरजपुर। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत नगर पंचायत जरही में शहरी गरीब एवं स्लम बस्तियों के नागरिकों को घर के समीप ही निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। योजना के तहत अब तक हजारों जरूरतमंद मरीज लाभान्वित हुए हैं।
शुक्रवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक कुल 463 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 22,495 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। प्रति शिविर औसतन 49 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान 5,635 लैब जांचें की गईं तथा 19,395 मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविरों के माध्यम से गंभीर एवं गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान 536 मरीजों की शुगर जांच की गई, जिनमें 86 मरीज मधुमेह से प्रभावित पाए गए। वहीं 21,603 मरीजों का रक्तचाप परीक्षण किया गया, जिनमें 2,144 मरीज उच्च रक्तचाप एवं शुगर संबंधी समस्याओं से प्रभावित पाए गए।
चिन्हित सभी मरीजों को आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नियमित शिविरों के आयोजन से लोगों में बीमारियों की समय पर पहचान और नियंत्रण में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
शिविरों में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा नागरिकों को रक्तचाप, शुगर जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे शहरी गरीब तबके को बड़ी राहत मिल रही है।
विज्ञापन