जिला कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में सोमवार को साप्ताहिक कलेक्टर जनदर् : जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
Vinod Prasad Tue, Feb 17, 2026
जगदलपुर। जिला कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में सोमवार को साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया, जहां कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को सुना। इस जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जो मुख्य रूप से राजस्व, विकास कार्यों और व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित थे। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों के आधार पर मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
जनदर्शन के दौरान आवेदकों ने विविध प्रकार की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। इनमें प्रमुख रूप से राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार बंदोबस्त, आपसी सहमति से भूमि की अदला-बदली और लंबे समय से लंबित भूमि विवादों के निराकरण की मांग की गई। इसके अतिरिक्त बुनियादी ढांचे के विकास के अंतर्गत नाली निर्माण, पेयजल की समुचित व्यवस्था और दुकान आबंटन जैसे महत्वपूर्ण विषय भी आवेदन के माध्यम से कलेक्टर के संज्ञान में लाए गए। सामाजिक सुरक्षा और नियुक्ति से संबंधित मामलों में आधार कार्ड संशोधन तथा पटवारी अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन भी प्राप्त हुए, जिस पर कलेक्टर ने नियमानुसार कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। साथ ही, कुछ नागरिकों ने सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों में अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराते हुए त्वरित बेदखली की कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीपी बघेल और संयुक्त कलेक्टर एआर राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे । कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनदर्शन का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लें और की गई कार्रवाई से आवेदक को अवगत कराएं।
विज्ञापन