: छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा ने तय किया नया एक्शन प्लान, जमीनी कार्यकर्ताओं के घर जाएंगे बड़े नेता…!
Admin Mon, May 29, 2023
छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा ने तय किया नया एक्शन प्लान, जमीनी कार्यकर्ताओं के घर जाएंगे बड़े नेता…!
2023 में छत्तीसगढ़ में हर हाल में भाजपा की सत्ता वापसी के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने नया एक्शन प्लान सौंपा है। नई रणनीति के साथ भारतीय जनता पार्टी मतदाताओं के बीच जाने एकदम नए अंदाज में जाने वाली है। बड़े नेताओं को भी कई तरह के टारगेट और टास्क दिए गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने अपना एक्शन प्लान न सिर्फ विधानसभा चुनाव, बल्कि लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भी तैयार किया है।
जिम्मेदारी ओम प्रकाश माथुर पर
छत्तीसगढ़ में इस प्लान को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर को दी गई है। 16 मई को भारतीय जनता पार्टी की रायपुर में प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में ओम माथुर ने इस नई कार्ययोजना से अवगत कराया ! आने वाले दिनों में इसी नई रणनीति से भाजपा आक्रामक अंदाज में काम करेगी !
प्रदेश भर में प्रेस कॉन्फ्रेंस
केंद्र सरकार की उपलब्धियों और मौजूदा कांग्रेस सरकार को घेरते हुए अलग-अलग प्रदेशों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की तैयारी है। राज्य स्तरीय यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सभी राज्यों के राजधानी में होगी। इसके लिए रायपुर को चयनित किया गया है। आने वाले कुछ ही दिनों में लगातार देश के केंद्रीय मंत्रियों का दौरा रायपुर में होगा और वह पत्रकारों से चर्चा करेंगे। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री यह प्रेस वार्ता लेंगे।
खुद प्रधानमंत्री वर्चुअल चर्चा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल बातचीत करने के अलावा आम लोगों से भी चर्चा करेंगे। यह चर्चा भारतीय जनता पार्टी के कामकाज जनसेवा के अभियानों पर केंद्रित होगी। साथ ही प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ समेत देशभर के कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए बूस्ट करेंगे।
संपर्क से समर्थन
इस अभियान के तहत देश के 1 लाख से अधिक विशिष्ट परिवारों में संपर्क किया जाएगा। हर लोकसभा में ढाई सौ परिवारों में संपर्क करने का टारगेट नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिया गया है। इनमें विशिष्ट परिवारों से मुलाकात की जाएगी जैसे खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद और उनके परिजनों और प्रदेश या शहर के प्रसिद्ध परिवारों से भाजपा नेता मुलाकात करेंगे।
लोकसभा स्तरीय जनसभा- इस दौरान देश के केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन के बड़े नेता, विधायक, सांसद लोकसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे और स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय उपलब्धियों को गिनाएंगे।
आपातकाल की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन
कांग्रेस की सरकार ने इमरजेंसी लगाई थी। इस दौरान किस तरह से लोकतंत्र को खत्म किया गया यह सारी जानकारी इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म में दिखाई जाएगी !
पुराने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन और योग दिवस का विशेष आयोजन
भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बड़े नेता उनके घर जाकर डिनर करेंगे उनसे चर्चा करेंगे और उन्हें साधने का प्रयास होगा।
योगा दिवस- 21 जून को भाजपा के सांसद विधायक आम लोगों के साथ योग करेंगे। कुछ जगहों पर विशेष योग शिविर लगाए जाएंगे और इन शिविरों में मौजूदा केंद्र सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगेगी।
घर-घर संपर्क- यह कार्यक्रम बूथ स्तरीय होगा। इस दौरान करीब 1 सप्ताह से 15 दिनों का विशेष अभियान चलेगा।
Cglive24 News
विज्ञापन